बजौरा, पारला भुंतर एवं साथ लगते क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सहयोग की अपील
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा बजौरा एवं साथ लगते क्षेत्रों तथा परला भुंतर, जिया, हाथीथान, भुईन और गुरुद्वारा के आसपास के क्षेत्रों में पुराने बिजली मीटरों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटरों से बदला जा रहा है। यह कार्य केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के लागू मीटरिंग विनियमों, हिमाचल प्रदेश विद्युत आपूर्ति संहिता तथा स्वीकृत स्मार्ट मीटरिंग कार्यक्रम के अंतर्गत किया जा रहा है। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अधिकृत टीम को मीटर तक पहुंच उपलब्ध करवाकर इस कार्य में सहयोग करें।
कुछ उपभोक्ताओं के मन में यह प्रश्न हो सकता है कि यदि पुराना मीटर ठीक काम कर रहा है और सही बिल मिल रहा है, तो उसे बदलने की आवश्यकता क्यों है। इस संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि स्मार्ट मीटर लगाने का उद्देश्य बिजली की दर या खपत बढ़ाना नहीं, बल्कि मीटर रीडिंग और बिलिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और प्रभावी बनाना है।
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता उपलब्ध ऐप, वेबसाइट अथवा एसएमएस सुविधा के माध्यम से अपनी दैनिक बिजली खपत देख सकेंगे तथा उसे घर में चलाए गए गीजर, हीटर, पंप एवं अन्य उपकरणों की खपत से मिला सकेंगे। इससे समय पर मीटर रीडिंग एवं बिल जारी करने, भुगतान के लिए पर्याप्त समय मिलने, अनुमानित बिलों में कमी तथा असामान्य खपत का शीघ्र पता लगाने में सहायता मिलेगी। रिमोट रीडिंग के कारण मीटर रीडिंग के लिए बार-बार परिसर में आने की आवश्यकता भी कम होगी।
केवल स्मार्ट मीटर लगाने से बिजली की दर या खपत नहीं बढ़ती। बिल वास्तविक खपत और लागू विद्युत दरों के अनुसार ही बनेगा। यदि किसी उपभोक्ता को खपत या बिल में असामान्य वृद्धि दिखाई देती है, तो वह दैनिक खपत को उस अवधि में चलाए गए विद्युत उपकरणों से मिला सकता है। शंका बने रहने पर मीटर रीडिंग, बिल अथवा मीटर की जांच के लिए विद्युत उपमंडल कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
स्मार्ट मीटर से संबंधित किसी भी प्रश्न, शंका अथवा स्पष्टीकरण के लिए उपभोक्ता कार्यालय समय के दौरान सीधे विद्युत उपमंडल कार्यालय, एचपीएसईबीएल, भुंतर में संपर्क कर सकते हैं।
सहायक अभियंता
विद्युत उपमंडल, एचपीएसईबीएल, भुंतर







