कुल्लू-मनाली हवाईअड्डे पर 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया
कुल्लू-मनाली हवाईअड्डे पर 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हवाईअड्डा परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुल्लू-मनाली हवाईअड्डे के कार्यवाहक विमानपत्तन निदेशक श्री मृतुन्जय चौहान द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के समय “वंदे मातरम्” एवं राष्ट्रगान की गूंज से पूरा हवाईअड्डा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कर्मचारियों के बच्चों तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बाजौरा के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह एवं उमंग का वातावरण बना दिया। विद्यार्थियों एवं बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
समारोह में CISF के जवानों द्वारा डॉग शो भी प्रस्तुत किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। CISF जवानों एवं प्रशिक्षित डॉग्स द्वारा प्रस्तुत रोमांचक प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभी ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री मृतुन्जय चौहान, कार्यवाहक विमानपत्तन निदेशक, कुल्लू-मनाली हवाईअड्डा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक सजग एवं जिम्मेदार बनाती है। उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली हवाईअड्डे की पूरी टीम यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर समर्पित है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हवाईअड्डे की सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, CISF कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के नारों से कुल्लू-मनाली हवाईअड्डा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा रहा।







