कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी लाहौल के कडू नाला में मलबे की चपेट में, 10–12 लोगों के फंसे होने की आशंका
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के समीप शुक्रवार को पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी उसकी चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैक्सी में 10 से 12 लोगों के सवार होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस और संबंधित बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए हैं !!
बताया जा रहा है कि उदयपुर–किलाड़ मार्ग पिछले दिन बंद होने के कारण वाहन में सवार सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। मार्ग खुलने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए थे, तभी कडू नाला के पास यह हादसा हो गया। अब तक एक व्यक्ति को घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। अन्य यात्रियों की तलाश और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है !!









