भुंतर में करियाना की दुकान में चोरी
भुंतर के पारला क्षेत्र स्थित शिव शंकर ट्रेडिंग कंपनी में रविवार देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। अझात नकाबपोश चोर दुकान की पिछली दीवार पर लगे वेंटिलेटर की ग्रिल काटकर अंदर घुस गए। दुकान में प्रवेश करते ही चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की तारें निकाल दीं और कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद गल्ले में रखी करीब 5 से 6 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
ऐसे दिया चोरी को अंजाम
चोरों ने रात करीब 1:45 बजे की वारदात को अंजाम दिया।
वेंटिलेटर की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए।
सीसीटीवी कैमरों की तारें निकालकर कैमरे तोड़े।
गल्ले से 5 से 6 हजार रुपये की नकदी चुराई।
जल्दबाजी में भागे, अन्य सामान नहीं ले जा सके।
इस खिड़की का सरिया काट कर चोर दुकान के अंदर गया
दुकान मालिक अंशुल घई ने बताया कि चोरी की यह घटना रात करीब 1:45 बजे हुई, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी कैमरों की टाइमिंग से हुई है। उनका अनुमान है कि किसी के आने की आहट मिलने पर चोर जल्दबाजी में भाग गए, जिसके कारण वे दुकान का अन्य सामान नहीं ले जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि वेंटिलेटर ऊंचाई पर और संकरा होने के कारण भी चोर सामान बाहर निकालने में असमर्थ रहे। अंशुल घई ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान में यह छठी बार चोरी की घटना हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों का पता लगाकर जल्द गिरपतार कर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।







