भुईन पंचायत से प्रधान पद के लिए भरा नामांकन, विकास को बनाया मुख्य मुद्दा
भुईन पंचायत में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में पूनम कंवर ने प्रधान पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में मजबूती से कदम रख दिया है। नामांकन के दौरान समर्थकों और ग्रामीणों की अच्छी खासी मौजूदगी देखने को मिली, जिससे पंचायत में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
पूनम कंवर ने कहा कि वह तीसरी बार जनता की सेवा का संकल्प लेकर चुनाव लड़ रही हैं और पंचायत के समग्र विकास को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विशेष रूप से हाल ही में आई आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, डंगों और ग्रामीण संपर्क मार्गों की मरम्मत को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों को गति देना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा।
पूनम कंवर का परिवार वर्षों से पंचायत प्रतिनिधित्व और सामाजिक सेवा से जुड़ा रहा है, जिसके चलते उन्हें क्षेत्र की समस्याओं और जनभावनाओं की गहरी समझ है। ग्रामीणों का भी उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है।








