जलूग्रां मेले में लालडी नृत्य की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजी मणिकर्ण घाटी
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के जलूग्रां में आयोजित दो दिवसीय पारंपरिक मेले में लोक संस्कृति और रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार छटा देखने को मिली। मेले के दौरान प्रसिद्ध लालडी नृत्य आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिसने पूरे क्षेत्र को लोक संस्कृति की मधुर धुनों से गुंजायमान कर दिया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं व दर्शकों ने भाग लिया।
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डाक्टर राजेश ठाकुर का स्थानीय समिति और ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि ऐसे मेले नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान देव धरा पब्लिक स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने एकल गीत, समूह गीत और रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं नाटक और वंदना प्रस्तुतियों ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। राजकीय प्राथमिक पाठशाला जलूग्रां के छात्रों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
महिला मंडलों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर मेले की रौनक को और बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान घाटी में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। आयोजकों ने मेले के सफल आयोजन के लिए स्थानीय लोगों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।









