

जागृत हिमाचल
बड़ा भुइँन पंचायत में सोलर CCTV कैमरे स्थापित, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
भुंतर, 15 जुलाई।
ग्राम पंचायत बड़ा भुइँन ने पंचायत क्षेत्र की सुरक्षा और स्वच्छता को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभिन्न स्थानों पर सोलर लाइट युक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। इस अभियान का शुभारंभ पंचायत प्रधान लता देवी की अगुवाई में किया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
प्रधान लता देवी ने बताया कि पंचायत में आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सोलर ऊर्जा से संचालित होने वाले ये कैमरे बिजली बाधित होने की स्थिति में भी प्रभावी ढंग से कार्य करेंगे, जिससे चौबीसों घंटे निगरानी संभव होगी।
उन्होंने कहा कि कैमरों की मदद से पंचायत क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों की पहचान तथा कूड़ा-कर्कट फैलाने वालों पर नजर रखी जा सकेगी। इससे कानून व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
प्रधान लता देवी ने पंचायतवासियों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और स्वच्छ पंचायत का निर्माण केवल प्रशासन नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से इस पहल में सहयोग करने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी तथा लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।
(फोटो कैप्शन):
फोटो-1: ग्राम पंचायत बड़ा भुइँन की प्रधान लता देवी एवं पंचायत प्रतिनिधि सोलर सीसीटीवी कैमरे वितरण के दौरान।
फोटो-2: पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग कैमरा स्थापना अभियान के दौरान उपस्थित।







