पत्रकारिता जगत में खोया अपना समर्पित साथी, दीप कुमार लखनपाल को भुन्तर प्रेस क्लब ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि💐

पत्रकारिता जगत ने खोया अपना समर्पित साथी, दीप कुमार लखनपाल को भुंतर प्रेस क्लब ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कहा, जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा रहेंगे याद

भुंतर, 18 नवंबर। वरिष्ठ पत्रकार, भुंतर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष एवं सतरंगी चैनल के संपादक दीप कुमार लखनपाल के निधन पर बुधवार को भुंतर प्रेस क्लब की ओर से प्रेस कार्यालय भुंतर में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया व उनकी आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया । साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। भुंतर प्रेस क्लब के प्रधान मेघ सिंह कश्यप ने कहा कि दीप कुमार लखनपाल का निधन भुंतर प्रेस के साथ जिला कुल्लू के पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से पत्रकारिता ने एक अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कलमकार खो दिया है। वह न केवल एक जिम्मेदार पत्रकार थे, बल्कि पत्रकार साथियों के बीच अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए भी विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने कहा कि भुंतर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष और सतरंगी चैनल के संपादक के रूप में उन्होंने पत्रकारिता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी सक्रियता, कार्यशैली और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव हमेशा याद किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दीप कुमार लखनपाल लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और चंडीगढ़ में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार रात परिजन उन्हें चंडीगढ़ से शमशी स्थित उनके घर लेकर पहुंचे थे, जहां मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मिलते ही कुल्लू जिला के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शोक सभा में भुंतर प्रेस क्लब के चेयरमैन संदीप चुरू काचरू, वाइस चेयरमैन पंकज हांडा, मुख्य सलाहकार एस.एस. कुमार, महासचिव मनीष कौण्डल सहित क्लब के सदस्य, अंजना देवी देवेंद्र एवं अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत पत्रकार को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि दीप कुमार लखनपाल की स्मृतियां, पत्रकारिता के प्रति उनका समर्पण और साथियों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार हमेशा सभी के दिलों में जीवित रहेगा।
भुंतर प्रेस क्लब परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Comment