हिमाचल प्रदेश पत्रकार संसद जिला कुल्लू के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश इंटक के प्रदेश प्रवक्ता डीआर जोशी ने एनएचएआई को आड़े हाथों लिया है। प्रेस को जारी बयान में जोशी ने कहा कि वामतट की जनता को गुमराह करने के लिए कई सर्वे किए गए लेकिन उन्होंने फाइलों को दबाकर आम जन से धोखा किया है। जोशी ने कहा कि आज हाइवे की पुरानी सड़क तो दिख रही है लेकिन एनएचएआई द्वारा बनाई डबल लेन सड़क का कहीं कहीं नामोनिशान नहीं है। उन्होंने कहा कि बुरे वक्त में वाम तट मार्ग ही लोगों का सहारा बना है तथा लेह, व लाहुल स्पीति के लिए लाइफ लाइन की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वाम तट मार्ग की महत्ता को समझा होता तो इस तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि वाम तट मार्ग पर दवाब अधिक है साथ ही लोगों को धूल मिट्टी जैसी दिक्कत की परेशानी झेलनी पड़ रही है। जोशी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू व स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड से आग्रह किया कि जल्द से जल्द वाम तट मार्ग की दशा को सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि एक महीना भारी वाहन चलने के कारण डंगे भी बैठ गए हैं। सड़क की हालत भी पहले से अधिक दयनीय हो गई है जिससे अनहोनी की आशंका भी बढ़ी है। जोशी ने मांग की है कि शीघ्र अति शीघ्र वाम तट मार्ग की हालत सुधारी जाए और डबल लेन बनाने की दिशा में जल्द काम किया जाए।








