तेगूबेहड़ अस्पताल में जेबकतरे का आतंक, चेकअप के लिए लाइन में खड़े बुजुर्ग की जेब से उड़ाए 18 हजार 1

तेगूबेहड़ अस्पताल में जेबकतरे का आतंक, चेकअप के लिए लाइन में खड़े बुजुर्ग की जेब से उड़ाए 18 हजार
पर्स से नकदी निकालकर अस्पताल परिसर में फेंके दस्तावेज, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

भुंतर, 31 जुलाई। नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में एक जेबकतरे ने चेकअप कराने आए बुजुर्ग को अपना निशाना बनाते हुए उनकी जेब से 18 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए हड़कंप का माहौल बन गया। पीड़ित की शिकायत पर भुंतर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वीरवार को तेगूबेहड़ निवासी एक बुजुर्ग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने पहले पर्ची बनवाई और इसके बाद डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन में खड़े हो गए। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। पर्स में करीब 18 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
जब बुजुर्ग को अपनी जेब से पर्स गायब होने का पता चला तो उन्होंने अस्पताल में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। काफी तलाश करने पर अस्पताल परिसर के एक कोने में उनका पर्स और अन्य जरूरी दस्तावेज पड़े मिले, जबकि उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि जेबकतरे ने नकदी निकालने के बाद पर्स और कागजात वहीं फेंक दिए और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बुजुर्ग ने भुंतर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल संदिग्ध व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अस्पताल जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपनी नकदी और कीमती सामान सुरक्षित रखने की अपील भी की है।

Leave a Comment

Recent Post

क्रिकेट लाइव स्कोर

You May Like This

17 जुलाई:- हिमाचल प्रदेश एनसीसी एयरविंग के एनुअल ट्रेनिंग कैंप के छात्रावर्ग वॉलीबॉल में ज़री स्कूल ने पहला हासिल किया जबकि 1500 मीटर दौड़ में स्कूल के सोनल ठाकुर ने दूसरा स्थान हासिल किया । ग्रुप डांस में भी स्कूल दूसरे स्थान पर रहा तथा ड्रिल प्रतियोगिता में स्कूल को उपविजेता घोषित किया गया । स्कूल के एसोसिएट एनसीसी अधिकारी हेमी ठाकुर ने बताया कि 5 जुलाई से 14 जुलाई तक हमीरपुर में आयोजित इस कैंप में स्कूल की प्रिया गुरुंग को बेस्ट कैडेट के खिताब से नवाज़ा गया ।