भुंतर के शाढ़ाबाई में लाखों की ज्वेलरी चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज भुंतर क्षेत्र के शाढ़ाबाई में लाखों रुपये की ज्वेलरी और कीमती सामान चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मति सुनीता बोध पत्नी स्वर्गीय प्रकाश चंद बोध निवासी बंजर कलैहली, डाकघर बजौरा, तहसील भुंतर जिला कुल्लू ने थाना भुंतर में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी बेटी प्रियंका के साथ पिछले करीब दो सप्ताह से मनाली स्थित अपने दूसरे घर में रह रही थीं। उन्होंने बताया कि शाढ़ाबाई स्थित घर की साफ-सफाई के लिए निशा नामक महिला को रखा गया था, जो रोज सुबह-शाम घर के बाहर से सफाई करती थी। बुधवार सुबह निशा ने फोन कर सूचना दी कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही सुनीता बोध अपनी बेटी के साथ मौके पर पहुंचीं और पुलिस को भी जानकारी दी। घर का निरीक्षण करने पर पाया गया कि धरातल मंजिल के एक कमरे की अलमारी तोड़कर चोर एक सोने का लोकेट, एक सोने की अंगूठी, चार चांदी के सेट तथा चांदी के झुमके चोरी कर ले गए। इसके अलावा दूसरे कमरे से उनकी बेटी का मोबाइल फोन व कॉस्मेटिक सामान भी गायब मिला। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे पहचान करना कठिन हो गया है। पीड़िता के अनुसार चोरी हुआ सामान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। भुंतर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।